Sunday, June 25, 2017

368. योगा कर

368. योगा कर

सब मर्जों  की  एक दवा है, योगा कर।
इस दुनिया में कौन सगा है, योगा कर।
प्रश्न छोड़ सब सिर्फ अरे तू, योगा कर।
जो जलता  वो  जले मरे तू, योगा कर।

काम चाहिये, अरे  छोड़ तू,  योगा कर।
दाम  चाहिये, अरे  छोड़  तू, योगा कर।
कर्ज चढ़ा है, अरे  छोड़  तू, योगा कर।
दर्द  बढ़ा  है, अरे  छोड़  तू, योगा कर।

बच्चों  की  फीसें भरनी  हैं, योगा  कर।
बेटी  की  शादी  करनी  है,  योगा  कर।
खुशहाली की बात न कर तू, योगा कर।
कोई  पश्चाताप  न   कर   तू, योगा कर।

घर  में   तेरे   चून  नहीं  तू,  योगा  कर।
चावल  मिर्ची  नून  नहीं  तू,   योगा कर।
बिटिया  भूखी  चिल्लाये  तू,  योगा कर।
बेशक  मरती  मर  जाये  तू,  योगा कर।

राष्टवाद  के  नारे   के  सँग,  योगा  कर।
भारत  के जयकारे  के सँग, योगा  कर।
जै जवान चिल्ला-चिल्लाकर, योगा कर।
देशभक्ति  के  गीत  सुनाकर, योगा कर।

तू  किसान  है  रोटी  मत खा, योगा कर।
गोली  खा  पेड़ों   पे  लटका, योगा  कर।
मैं   मंत्री   हूँ   बतलाता   हूँ,   योगा कर।
तुझको निशदिन समझाता हूँ, योगा कर।

रणवीर सिंह 'अनुपम'
24.06.2017
*****

No comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.