ताटंक छंद (16/14) अंत में 3 दीर्घ।
दिल में आया आज लिखूँ मैं, टीवी की चर्चाओं पे।
मिर्च मशाले की खबरों पे, औ इनकी अफवाहों पे।
राजनीति से गठजोड़ों पे, लालच भरी निगाहों पे।
खबरों की मंडी बन बैठे, जो गलियों चौराहों पे।।
कहने को ये लोकतंत्र का, चौथा खंभा कहलाते।
किन्तु आज ये राजनीति के, तलवों को हैं सहलाते।
खुद ही बने मियां मिठ्ठू ये, खुद अपनी महिमा गाते।
औरों को नंगा करने में, खुद ही नंगे हो जाते।।
देशद्रोहियों को मंचों पर, करने बहस बुलाते जो।
फुटपाथों पर मर्डर करते, उनकी महिमा गाते जो।
आरूषी सी हत्याओं पर, बिस्तर तक घुस जाते जो।
और निर्भया की खबरों को, सालों साल चलाते जो।।
बातें करते हैं दंगों की, हिन्दू-मुस्लिम खाई की।
अमन-चैन की बात न करके, बातें करें खटाई की।
औरों की निजता में घुसकर, बातें लोग-लुगाई की।
तार-तार अस्मत करते हैं, पीड़ित नारि पराई की।।
बात स्वच्छता की करते हैं, करते साफ सफाई की।
किन्तु कभी भी बात न करते, खुद की कालिख-काई की।
कालेधन पर चर्चाओं में, बातें पाई-पाई की।
लेकिन बात कभी नहीं करते, काली गढ़ी कमाई की।।
भरे पेट की खबरें होतीं, बातें दूध मलाई की।
बेशकीमती पोशाकों की, आलीशान कढ़ाई की।
बात झोपड़ी की नहिं करते, ना ही फटी चटाई की।
कभी बात इनसे नहिं होती, पैबंद लगी रजाई की।।
जिसको मिली पार्टी जैसी, वो उसने हथिया ली है।
उसका महिमामंडन करने, की सौगंध उठा ली है।
मोटी-मोटी कीमत पर अब, ख़बरों की बिकवाली है।
सूट-बूट गोरी चमड़ी में, बसी आत्मा काली है।।
राई को पर्वत करने की, इनने कसम उठा ली है।
उसको ब्रेकिंग न्यूज बताते, जो बिलकुल ही जाली है।
न्यायालय में केस चल रहा, उस पर कोर्ट लगा ली है।
करके चर्चा जैसा चाहा, वैसी हवा बना ली है।।
दो खानों के मिल जाने को, बड़ी खबर बतलाते हैं।
और किसी के नामकरण की, दिनभर महिमा गाते हैं।
खुद ही गुटका और तमाकू, का प्रचार कराते हैं।
चैनल की रेटिंग की खातिर, क्या-क्या नहिं कर जाते हैं।।
बिक जाते हैं, सुरा सुंदरी का आनंद लिया करते।
बदले में हर रोज उन्हीं की, जय जयकार किया करते।
कैसी-कैसी करतूतों को, ये अंजाम दिया करते।
स्वाभिमान की बात करें पर, तलवे चाट जिया करते।।
धर्मवाद औ जातिवाद के, विस्तारण के कारक हैं।
तिल को ताड़ बनाकर कहते, ये जग के हितकारक हैं।
बहुत घमंडी, ये पाखंडी, कई मुखौटे धारक हैं।
सच कहता हूँ चाटुकार हैं, झूठों के प्रचारक हैं।।
रणवीर सिंह (अनुपम)
*****
No comments:
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.